कटिहार: जिले के कोढ़ा थाना पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ागाड़ स्कूल के समीप कार्रवाई करते हुए तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी से 302 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब की तस्करी के आरोप में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब को तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी में लकड़ी के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल बारीक, पिता शमसुल हक, निवासी शदीली चौक, थाना हरिश्चंद्रपुर, जिला मालदा के रूप में हुई है।
पुलिस को देखते ही भागने लगा तस्कर
गुप्त सूचना के सत्यापन के लिए कोढ़ा थाना की पुलिस टीम बड़ागाड़ स्कूल के पास पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी जुगाड़ गाड़ी छोड़कर भागने लगा। हालांकि पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस ने जुगाड़ गाड़ी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान लकड़ी के नीचे छिपाकर रखी गई 302 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और तस्करी में इस्तेमाल की गई तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी अब्दुल बारीक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





