भागलपुर: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित भुवालपुर और आसपास के विभिन्न गांवों का पूर्व राजद प्रत्याशी शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बाढ़ की स्थिति और राहत व्यवस्था की जानकारी ली। ग्रामीणों ने कई जगहों पर समय पर राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध नहीं होने की शिकायत की। लोगों ने बताया कि जिन वार्डों में पानी अधिक है, वहां सामुदायिक रसोई भी शुरू नहीं की गई है। रामचंद्रपुर नवटोलिया में सामुदायिक रसोई शुरू नहीं होने की बात भी सामने आई।
जेड हसन ने कहा कि भुवालपुर के कई इलाकों और फतेहपुर में समय पर खाद्यान्न सामग्री नहीं पहुंचने के कारण बाढ़ पीड़ितों को रात्रि का भोजन उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि नाथनगर की कई पंचायतों से जरूरत के मुताबिक और समय पर राहत सामग्री नहीं मिलने की शिकायत लगातार मिल रही है। उनका आरोप है कि ग्रामीणों को राहत सामग्री लाने और पहुंचाने के लिए प्रखंड कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजद नेता जेड हसन ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों को कुर्सी-टेबल पर बैठाकर भोजन कराने की बात कही गई थी, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी लोगों को जमीन पर बैठाकर भोजन कराया जा रहा है। उन्होंने जिला पदाधिकारी और संबंधित अंचलाधिकारियों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार सामुदायिक रसोई शुरू कराने और इसकी व्यवस्था की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही उन्होंने कई जगहों पर पॉलीथिन शीट उपलब्ध नहीं होने की बात कही और चूना व ब्लीचिंग पाउडर की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आपदा की इस स्थिति में सभी को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़े रहने की जरूरत है।




