
पाकुड़: भाजपा झिकरहाटी मंडल की बैठक लखनपुर स्थित श्यामचंद मंदिर परिसर में मंडल अध्यक्ष सुरेश मंडल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला उपाध्यक्ष सह मंडल प्रभारी हिसाबी राय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, बीएलए-2 और मंडल के विभिन्न पंचायतों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों की समीक्षा के साथ भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लखनपुर सहित आसपास के कुछ क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्रों का समुचित वितरण नहीं किया जा रहा है तथा मतदाताओं को फॉर्म भरने में पर्याप्त सहयोग भी नहीं मिल रहा है। साथ ही यह भी दावा किया गया कि कुछ लोग प्रपत्र भरने के नाम पर 20 से 50 रुपये तक की राशि वसूल रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
जिला महामंत्री रूपेश भगत ने एसआईआर अभियान की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बीएलए-2 को प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाने और उन्हें फॉर्म भरने में सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि अभियान के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जाएगी। बैठक में मंडल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

