मेहरमा में बुधवार को विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड आंदोलनकारियों ने गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग स्थित मेहरमा चौक मोड़ के पास एनएच-133 को जाम कर दिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आंदोलनकारी ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस की शक्ल में मौके पर पहुंचे और सड़क पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। आंदोलनकारियों के सड़क पर उतरने से कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई।
जाम की सूचना मिलने पर मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर और अंचल निरीक्षक लोकनाथ गोंड मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और समझाने का प्रयास किया। वार्ता के बाद आंदोलनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन अंचल निरीक्षक लोकनाथ गोंड को सौंपा।
आंदोलनकारी मो. मुजफ्फर अंसारी ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में झारखंड आंदोलनकारियों के लिए जेल जाने की बाध्यता समाप्त करना, सभी आंदोलनकारियों को 50-50 हजार रुपये सम्मान पेंशन देना, आंदोलनकारियों के बच्चों एवं आश्रितों को सरकारी नौकरी में सीधी नियुक्ति का अधिकार देना और 26 प्रतिशत रॉयल्टी का अधिकार शामिल है। इसके साथ ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। मौके पर मो. मुजफ्फर अंसारी, विभूतिनाथ झा, मिथिलेश झा, जगदानंद पासवान, शिव नारायण मुर्मू, बबलू सोरेन, विष्णु प्रसाद महतो, चंद्रिका प्रसाद राम, मुरलीधर पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आंदोलनकारी मौजूद रहे।



