मेहरमा में जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी और विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान के नेतृत्व में मेहरमा चौक के समीप सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में कार्यकर्ताओं ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद मेहरमा में आवागमन सामान्य हो गया।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव मिश्रा ने कहा कि हेमंत सरकार जिस स्थानीय नीति का वादा कर सत्ता में आई थी, उसका लाभ राज्य के युवाओं को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र अपनी मांगों के समर्थन में विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे। ऐसे में छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राज्य की जनता और युवा सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।
पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया सिंह पटेल ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था युवाओं का अधिकार है, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर नहीं है।
मंडल अध्यक्ष उमेश पासवान ने जेएसएससी-जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मंडल महामंत्री संजय शाह, डोय मंडल अध्यक्ष गणेश कुमार, भाजपा नेता राजेश लाल, राजेश सिंह, ऋषि कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





