
भागलपुर:श्रावणी मेला 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त, भागलपुर प्रमंडल-सह-आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर एवं मुंगेर प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक तथा मालदा रेल मंडल के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी लंबित कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा, विद्युत, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, अस्थायी शौचालय, स्वच्छ पेयजल, नियमित सफाई और कचरा निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नए चापाकल लगाने और पुराने चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें चालू करने के भी निर्देश दिए गए।
पथ निर्माण विभाग को कांवरिया पथ पर समय सीमा के भीतर बालू बिछाने का कार्य पूरा करने को कहा गया। वहीं विद्युत विभाग को ढीले तार हटाने, बिजली पोलों की मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मेला क्षेत्र और कांवरिया पथ पर अस्थायी चिकित्सा केंद्र, पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की तैनाती, दवाइयों और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ भोजनालयों में निर्धारित दर और खाद्य गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।
आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए SDRF टीम की तैनाती, टेंट सिटी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार, चांदन (बांका) में पार्किंग व्यवस्था और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सुविधाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष बल दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक श्रावणी मेला उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

