साहिबगंज टाउन हॉल में आयोजित झामुमो कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथ कमिटी की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए। सम्मेलन में संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई।
साहिबगंज के टाउन हॉल में शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत और सक्रिय बनाना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय उपस्थित रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद पांडेय ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसकी बूथ कमिटी होती है। उन्होंने कहा कि अक्सर चुनाव के दौरान बूथ कमिटी की चर्चा होती है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद उसकी अनदेखी कर दी जाती है। झामुमो ऐसा नहीं करता और अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को हमेशा महत्व देता है। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले से ही जिला अध्यक्षों को निर्देश दे चुकी है कि बूथ कमिटी को मजबूत और सक्रिय बनाए रखा जाए।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में बीएलए-2 और बूथ कमिटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर मतदाता सूची की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से न कटे। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का भी आह्वान किया।

विनोद पांडेय ने कहा कि साहिबगंज जिले की तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 1 लाख 92 हजार 793 मतदाता अनमैप बताए जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर इसकी जानकारी जुटानी होगी और लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे, इसलिए झारखंड में ऐसी स्थिति नहीं बनने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इस बात को लेकर गंभीर हैं कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम बने रहना केवल मतदान के अधिकार तक सीमित नहीं है, बल्कि कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी इससे जुड़ा होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को इस दिशा में गंभीरता से काम करना होगा।
सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी चर्चा की गई। तकनीकी विशेषज्ञों ने एलसीडी स्क्रीन के माध्यम से एसआईआर प्रक्रिया और बूथ प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी।
कार्यक्रम में केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा, सांसद विजय हांसदा, विधायक एमटी राजा, धनंजय सोरेन, हेमलाल मुर्मू, जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू, नगर परिषद अध्यक्ष रामनाथ पासवान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, बीएलए-2, पंचायत प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






