बरहरवा आरपीएफ ने वनांचल एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान चलाकर 174 संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 59 लाख रुपये बताई गई है। मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी मोबाइलों के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मामले की जांच जीआरपी द्वारा की जा रही है।
साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को ट्रेनों में हो रही अवैध तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस में विशेष जांच अभियान चलाकर 174 संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 58.95 लाख रुपये आंकी गई है। इस मामले में पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ और सीपीडीएस टीम ने गुमानी स्टेशन से लेकर बरहरवा स्टेशन तक विशेष जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो संदिग्ध युवक काले रंग के बैग के साथ पाए गए। छापेमारी टीम को देखते ही दोनों युवकों ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) और मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
बरहरवा स्टेशन पर दोनों के बैगों की तलाशी लेने पर कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें से 85 मोबाइल फोन मोहम्मद नासरुद्दीन शेख के पास से तथा 89 मोबाइल फोन मोहम्मद रहमत शेख के कब्जे से मिले। बरामद मोबाइल फोन की बाजार कीमत करीब 58 लाख 95 हजार 878 रुपये आंकी गई है।


