मुंबई: हॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ओडिसी’ (The Odyssey) के इंडिया प्रीमियर के लिए जुलाई में भारत आने वाले हैं। उनके साथ फिल्म के मुख्य कलाकार मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और ऑस्कर विजेता निर्माता एमा थॉमस भी मुंबई पहुंचेंगे। यह पहली बार होगा जब क्रिस्टोफर नोलन की किसी फिल्म का आधिकारिक प्रीमियर भारत में आयोजित किया जाएगा।
यह भव्य प्रीमियर मुंबई के PVR Icon IMAX, फीनिक्स पैलेडियम में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम फिल्म के वैश्विक प्रमोशनल टूर का हिस्सा होगा, जिसके बाद 17 जुलाई 2026 को फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
क्या है ‘द ओडिसी’?
‘द ओडिसी’ प्राचीन यूनानी कवि होमर की प्रसिद्ध महाकाव्य रचना Odyssey पर आधारित एक मिथकीय एक्शन-एपिक फिल्म है। फिल्म का निर्देशन और लेखन क्रिस्टोफर नोलन ने किया है।
फिल्म में मैट डेमन ने यूनानी राजा ओडीसियस (Odysseus) का किरदार निभाया है, जबकि टॉम हॉलैंड उनके बेटे टेलीमेकस (Telemachus) की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में एन हैथवे, रॉबर्ट पैटिनसन, ज़ेंडाया, लुपिता न्योंगो, चार्लीज़ थेरॉन समेत कई बड़े हॉलीवुड सितारे शामिल हैं।
भारत में पहली बार होगा नोलन की फिल्म का प्रीमियर
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों की भारत में जबरदस्त फैन फॉलोइंग रही है। इंटरस्टेलर, इंसेप्शन, द डार्क नाइट, डनकर्क, टेनेट और ऑस्कर विजेता ओपेनहाइमर जैसी फिल्मों को भारतीय दर्शकों ने खूब पसंद किया। ऐसे में ‘द ओडिसी’ का भारत में प्रीमियर होना भारतीय फिल्म प्रेमियों के लिए एक खास मौका माना जा रहा है।

