
कटिहार (प्रवीण कुमार): निदेशालय, समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) बिहार द्वारा जारी पोषण ट्रैकर मई-2026 की राज्य स्तरीय रैंकिंग में कटिहार जिले ने प्रथम स्थान प्राप्त कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता जिले के आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका, प्रखंड समन्वयक, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
मई-2026 की रिपोर्ट के अनुसार, 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों की वृद्धि निगरानी में कटिहार राज्य में पहले स्थान पर रहा। एफआरएस कवरेज 95.45 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो राज्य में दूसरा सर्वोच्च प्रदर्शन है। वहीं ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) के आयोजन में जिला 99.41 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
बच्चों के आधार एवं आभा आईडी निर्माण के क्षेत्र में भी जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। 0-6 वर्ष के बच्चों की आभा आईडी बनाने में कटिहार 77.58 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर तथा स्वयं आधार निर्माण में दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा गृह भ्रमण में तीसरा और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में 99.85 प्रतिशत के साथ चौथा स्थान प्राप्त हुआ।
जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने इस उपलब्धि पर आईसीडीएस टीम को बधाई देते हुए कहा कि पोषण ट्रैकर के सभी 21 सूचकांकों पर लगातार निगरानी, फील्ड विजिट और समय पर टीएचआर वितरण से यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि जिले का लक्ष्य कुपोषण मुक्त कटिहार बनाना है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, कुमारी पूर्णिमा ने बताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में लगातार समीक्षा की गई, जिसके परिणामस्वरूप मई माह में 99 प्रतिशत से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र खुले रहे। 97.37 प्रतिशत गृह भ्रमण तथा 97.85 प्रतिशत सामुदायिक आधारित गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।

