पाकुड़: सदर प्रखंड अंतर्गत सीतापहाड़ी पंचायत के तानु मोड़ एवं नसीरपुर गांव में सोमवार को आयोजित आमसभा में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता आलमगीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों और आम लोगों से क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया।
आमसभा को संबोधित करते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और जरूरतमंद लोगों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने राहुल गांधी की विचारधारा, संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाने की बात कही। इसी दौरान कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर सीतापहाड़ी एवं आसपास के क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
आमसभा के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को आलमगीर आलम के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने सीतापहाड़ी स्थित विद्यालय के उन्नयन, बिजली की समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने और पीसीसी सड़क निर्माण सहित कई मांगें उठाईं। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय के उन्नयन से बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा और उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
आलमगीर आलम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर विद्यालय के उन्नयन, बिजली ट्रांसफार्मर और पीसीसी सड़क से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल, विधायक प्रतिनिधि गुलाम मोहम्मद उर्फ बकुल, उदय लगवानी, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष शाहीन परवेज, देबू विश्वास, असद हुसैन, मुखिया माजिबुर रहमान, मुखिया आसिफ अली उर्फ राजू, डॉ. जोहरुल इस्लाम, हाजी महबूब शेख, ईयर मोहम्मद, फरमान अली, रामविलास महतो, मोतिउर रहमान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




