
महागामा (संवाददाता): प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के महागामा सेंटर में ब्रह्माकुमारीज़ की प्रथम प्रशासिका जगदंबा सरस्वती (मम्मा) की 61वीं पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सेंटर इंचार्ज बीके पूनम बहन, चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मदन कुमार भगत सहित बड़ी संख्या में ईश्वरीय भाई-बहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जगदंबा सरस्वती (मम्मा) के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्य अतिथि मदन कुमार भगत को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। स्मृति दिवस के अवसर पर सेंटर इंचार्ज बीके पूनम बहन ने मम्मा के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने परमपिता परमात्मा शिव बाबा की शिक्षाओं को अपने जीवन में पूरी निष्ठा के साथ अपनाया। वे सरलता, सहनशीलता, विनम्रता और श्रेष्ठ आचरण की प्रतिमूर्ति थीं।
उन्होंने कहा कि मम्मा ने लोगों को जीवन के प्रत्येक क्षण को अंतिम क्षण समझकर श्रेष्ठ कर्म करने तथा ईश्वर की स्मृति में रहने की प्रेरणा दी।
मुख्य अतिथि मदन कुमार भगत ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा दिया जा रहा ‘ओम शांति’ का संदेश लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है और वास्तविक शांति का अनुभव आध्यात्मिकता के माध्यम से ही संभव है।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने ब्रह्माभोग ग्रहण किया।

