
पाकुड़: शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के शहादत दिवस पर गुरुवार को जिले में भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने समाहरणालय परिसर स्थित शहीद अमरजीत बलिहार पार्क और शहीद अमरजीत बलिहार चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान शहीद पुलिस अधीक्षक अमरजीत बलिहार के साथ शहीद हुए चालक आरक्षी अशोक कुमार श्रीवास्तव, आरक्षी संतोष कुमार मंडल, आरक्षी चंदन कुमार थापा, आरक्षी राजीव कुमार शर्मा और आरक्षी मनोज कुमार हेम्ब्रम को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शहीदों के परिजनों को शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए इन वीर जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उप-विकास आयुक्त, उपसमाहर्ता, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी पुण्य स्मृति को नमन किया।

