
गोड्डा: नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाईज फेडरेशन के बैनर तले 6 जुलाई से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस निर्णय को लेकर गुरुवार को पुराने नगर परिषद कार्यालय परिसर में फेडरेशन की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अध्यक्ष सोमेश्वर मेहतर ने की।
बैठक में सफाई कर्मियों ने मानदेय भुगतान में अनियमितता, सेवा संबंधी लंबित मामलों और अन्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण आंदोलन का फैसला लिया गया।
फेडरेशन के अनुसार, 6 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नगर परिषद कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 8 जुलाई की शाम मशाल जुलूस निकाला जाएगा। यदि इसके बाद भी प्रशासन और नगर परिषद प्रबंधन ने मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की, तो 9 जुलाई से सभी सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
फेडरेशन अध्यक्ष सोमेश्वर मेहतर ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और लंबे समय से लंबित हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर परिषद प्रबंधन की होगी।
बैठक में बड़ी संख्या में सफाई कर्मी और फेडरेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने आंदोलन को सफल बनाने और अपनी मांगों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

