
गोड्डा: शहर के मुख्य बाजार स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की घटना के विरोध में गोड्डा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने पुलिस अधीक्षक के नाम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज को ज्ञापन सौंपा। चैंबर अध्यक्ष प्रितम गाडिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि 8 जुलाई की शाम बंगाल ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की घटना से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। चैंबर ने इसे जिले की कानून-व्यवस्था और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
चैंबर ने मुख्य बाजार और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने, नियमित पैदल गश्त सुनिश्चित करने, व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी रणनीति बनाने, चैंबर के साथ नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने तथा इच्छुक व्यापारियों के आर्म्स लाइसेंस आवेदन की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग भी रखी। चैंबर अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।

