
भागलपुर: तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) का 67वां स्थापना दिवस समारोह भव्य और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व कुलपति प्रो. ए.के. रॉय, पूर्व प्रभारी कुलपति प्रो. क्षेमेंद्र कुमार और अध्यक्षता कर रहे प्रो. सुदामा यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अध्यक्ष, कुलसचिव, शिक्षाविद, प्रोफेसर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
पूर्व प्रभारी कुलपति प्रो. क्षेमेंद्र कुमार ने इसे विश्वविद्यालय के इतिहास का सबसे भव्य स्थापना दिवस समारोह बताया। वहीं मुख्य अतिथि प्रो. ए.के. रॉय ने विश्वविद्यालय को “मां के समान” बताते हुए शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षकों की भूमिका और संस्थान के विकास पर जोर दिया। समारोह के दौरान बी.एन. कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज, सबौर कॉलेज, टी.एन.बी. कॉलेज और एस.एम. कॉलेज के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों एवं महाविद्यालयों के टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 31 विभागाध्यक्षों और अंगीभूत, संबद्ध एवं राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों को भी उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान मिला। वक्ताओं ने विश्वविद्यालय में डिजिटल प्रशासन, नए प्रशासनिक भवन, प्रशासनिक पारदर्शिता और शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने जैसे कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। समारोह का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

