
गोड्डा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत महागामा अनुमंडल कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरण केसरी ने की। इसमें सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और बीएलओ सुपरवाइजर शामिल हुए। बैठक में मतदान केंद्रवार गणना प्रपत्र वितरण और ऑनलाइन डेटा एंट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
एसडीओ ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर गणना प्रपत्र पहुंचाया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के इस महत्वपूर्ण चरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कम प्रगति वाले मतदान केंद्रों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बीएलओ को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर लंबित मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क करने, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को प्राथमिकता देने तथा शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ऑनलाइन डेटा एंट्री की गुणवत्ता, दस्तावेजों की शुद्धता और समयबद्ध अपलोडिंग पर विशेष जोर देते हुए सभी लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया।

