
पाकुड़ : नगर थाना क्षेत्र के श्याम नगर मोहल्ले में रविवार को दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने एक महिला शिक्षिका के गले से करीब 10 से 12 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। छीनी गई चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़िता की पहचान प्रेरणा राज के रूप में हुई है, जो यूएचएस तोराई स्कूल में शिक्षिका हैं और श्याम नगर में किराये के मकान में रहती हैं। जानकारी के अनुसार, वह मोहल्ले की एक ज्वेलरी दुकान से काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। दुकान से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए अपाचे बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे। पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि शिक्षिका संभल भी नहीं सकीं और दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि बाइक चला रहा युवक काले कपड़ों में था, जबकि पीछे बैठे अपराधी ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

