
गोड्डा: सर्वजन पेंशन योजना के तहत गोड्डा जिले के 1,61,516 लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जुलाई 2026 तक की पेंशन राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेज दी गई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी लोकेश मिश्रा के निर्देश पर कुल 64 करोड़ 60 लाख 64 हजार रुपये की राशि लाभुकों के खातों में हस्तांतरित की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना, एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना, स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभुकों को अप्रैल से जुलाई तक की पेंशन राशि का भुगतान किया गया है।
इन सभी योजनाओं के तहत लाभुकों को एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से राशि उनके बैंक खातों में भेजी गई है। योजना के तहत मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 1,23,557 लाभुकों, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 16,876 लाभुकों, स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 12,830 लाभुकों, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 8,133 लाभुकों और एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 120 लाभुकों को राशि उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिन लाभुकों के खातों में अभी तक पेंशन राशि नहीं पहुंची है, वे अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग जरूर करा लें। आधार सीडिंग पूरी होने के बाद ही योजना का लाभ नियमित रूप से प्राप्त किया जा सकेगा।
प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी को अपडेट रखें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के मिलता रहे।

