
हिरणपुर: पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के सितपहाड़ी स्थित विदेशी शराब दुकान में हुई करीब 1.50 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दुकान में कार्यरत कर्मचारी श्रवण कुमार साह (देवपुर निवासी) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
दुकान के मैनेजर जितेश कुमार सिंह ने रविवार शाम हिरणपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि 10 जुलाई की देर शाम दुकान बंद की गई थी और नियमानुसार दुकान की चाबी कर्मचारी श्रवण कुमार साह अपने साथ ले गया था। अगले दिन सुबह उसी कर्मचारी ने मैनेजर को दुकान में चोरी होने की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद मैनेजर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दुकान का शटर टूटा हुआ मिला। जांच में कैश काउंटर से करीब 1.50 लाख रुपये नकद गायब पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। घटना के समय पहनी गई चप्पल के आधार पर भी आरोपी की पहचान की पुष्टि हुई।
पुलिस जांच में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की बात भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मैनेजर ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि श्रवण कुमार साह पर करीब चार माह पहले दुकान से लगभग दो लाख रुपये के गबन का आरोप है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

