
भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के अवसर पर गंगा समग्र एवं माँ पुष्पा सेवा संस्थान ट्रस्ट, देवघर के संयुक्त तत्वावधान में एक माह तक निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर लगाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में मंगलवार को गंगा समग्र की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्वेता सिंह के आवास पर आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया।
बैठक में गंगा समग्र के राष्ट्रीय मंत्री रमाशंकर सिन्हा, माँ पुष्पा सेवा संस्थान की संस्थापिका एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ऋतु सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कांति पाठक, जिला सह-संयोजक रेखा साह, कुमार गौरव, गोपी नाथ, शिला देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
निर्णय के अनुसार, श्रावणी मेला के दौरान कटोरिया-देवघर मुख्य मार्ग स्थित मिथिला कांवड़िया आश्रम में सेवा शिविर संचालित किया जाएगा। शिविर में सुल्तानगंज से बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध सात्विक भोजन, फलाहार, पेयजल, विश्राम, गर्म पानी, प्राथमिक उपचार, निःशुल्क चिकित्सा और पैरों के छालों की मरहम-पट्टी जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
राष्ट्रीय मंत्री रमाशंकर सिन्हा ने श्रद्धालुओं से इस सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील की। वहीं संस्थापिका ऋतु सिंह ने कहा कि “शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिव पूजा है।” बैठक के अंत में अधिक से अधिक लोगों से सेवा शिविर में सहभागिता कर श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान देने का आह्वान किया गया।

