
भागलपुर/कहलगांव: श्रावणी मेला 2026 के मद्देनज़र शिवभक्तों एवं कांवड़ियों की सेवा के लिए कार्यरत पड़ाव संघ, कहलगांव के नए कार्यालय का शुभारंभ धार्मिक वातावरण और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच संपन्न हुआ। कार्यालय का उद्घाटन कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक शुभानंद मुकेश, नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार, पूर्व अध्यक्ष अरविंद सिंह, पवन मिश्रा एवं अन्य शिवभक्तों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक शुभानंद मुकेश ने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है तथा शिवभक्तों की सेवा सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि पड़ाव संघ द्वारा कांवड़ियों के लिए चिकित्सा सहायता, पेयजल, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
संगठन की बैठक में आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की घोषणा भी की गई। 3 अगस्त 2026 को एलसीटी घाट, कहलगांव में भव्य गंगा महाआरती, 5 अगस्त 2026 को 114वीं ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा तथा 10 अगस्त 2026 को भगवान भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं।
कार्यक्रम के अंत में संगठन ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं शिवभक्तों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

