साहिबगंज: झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग) द्वारा संचालित झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना 2026 के तहत किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की गई है। इस योजना का उद्देश्य मिलेट (मोटे अनाज) की खेती को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने बताया कि झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना 2026 के तहत मिलेट की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। किसान अधिकतम 5 एकड़ तक की खेती पर 15,000 रुपये तक का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
योजना में मड़ुआ (रागी), ज्वार, बाजरा, कांगनी, सांवा, कोदो, चीना, कुटकी, कुट्टू और चौलाई जैसी मिलेट फसलों को शामिल किया गया है। इच्छुक किसान झारखंड राज्य मिलेट मिशन पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक खाता विवरण और भूमि संबंधी दस्तावेज सहित अन्य आवश्यक कागजात जमा करना अनिवार्य होगा। खरीफ 2026 के लिए आवेदन और पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक या जिला कृषि कार्यालय, साहिबगंज से संपर्क कर सकते हैं।





