मेहरमा (गोड्डा): अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्र में स्थापित मां दुर्गा प्लाइस ब्रिक्स प्लांट का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, बैंक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
प्लांट का उद्घाटन यूको बैंक के महाप्रबंधक राजकुमार, शाखा प्रबंधक रितु राज, आशीष कुमार, पीरपैंती प्रमुख रश्मि कुमारी, ईशीपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, राजद नेता बासुकीनाथ यादव, पूर्व मुखिया संजय कुमार, पंचायत समिति सदस्य मंटू रजक, प्लांट की प्रोपराइटर आरती देवी तथा समाजसेवी सह संचालक परमानंद केजरीवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पूजा-अर्चना का संचालन आचार्य कन्हाई ओझा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।
समारोह को संबोधित करते हुए यूको बैंक के महाप्रबंधक राजकुमार ने कहा कि इस प्लांट की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सरकारी एवं गैर-सरकारी निर्माण कार्यों में प्लाइस ब्रिक्स की मांग लगातार बढ़ रही है। यह पारंपरिक ईंटों की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, रोजगार बढ़ता है और गांव आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में रामानंद केजरीवाल, राजेश केजरीवाल, अमित कटारूका, प्रवीण केजरीवाल, सचिन केजरीवाल सहित आसपास के क्षेत्रों के कई ईंट भट्ठा संचालक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्काउट के जिला प्रशिक्षक मुकेश आजाद ने किया।





