कटिहार: जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के आह्वान पर प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाली ‘संध्या चौपाल’ जिले में ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। अभियान के चौथे चरण में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी से जिले की 231 पंचायतों में लगभग 38 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) की गई। इस दौरान टीबी, डायबिटीज, हाइपरटेंशन सहित अन्य बीमारियों की जांच के साथ जरूरतमंदों को मुफ्त दवा और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
संध्या चौपाल का उद्देश्य पंचायत स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग के साथ आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, कल्याण और पीएचईडी विभाग के अधिकारी एवं कर्मी पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने लोगों से प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाली संध्या चौपाल में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह पहल “स्वस्थ कटिहार, सशक्त कटिहार” के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को और सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।
अभियान के दौरान जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना और परिवार नियोजन सेवाओं सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई। लाभार्थियों को योजनाओं के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और पात्रता के बारे में विस्तार से बताया गया।
संध्या चौपाल में टीबी, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), मधुमेह (डायबिटीज) और अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण तथा विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। साथ ही स्वच्छता, पोषण, व्यक्तिगत स्वास्थ्य, नशामुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।





