पाकुड़: पाकुड़ प्रखंड की प्रथम पंचायत अंतर्गत पृथ्वीनगर गांव में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में एक गरीब परिवार का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। रात करीब 1 बजे हुई इस घटना में परिवार के सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन घर में रखा पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार पृथ्वीनगर निवासी अनारुल हक के पुत्र मकसद आलम, महमूद शेख एवं हक साहब एक ही मकान में रहते थे। आग लगने के बाद घर में रखा कपड़ा, बिस्तर, अनाज, खाने-पीने का सामान, नकदी और अन्य घरेलू उपयोग की सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। हादसे के बाद परिवार के पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, दमकल के पहुंचने तक आग पूरे मकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी और लाखों रुपये मूल्य की गृहस्थी जलकर राख हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पीड़ित परिवार मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। इस अग्निकांड के बाद परिवार पूरी तरह बेघर और असहाय हो गया है। हादसे से सदमे में आए युवा अधिवक्ता हक साहब की तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, सोनाजोड़ी में भर्ती कराया गया।
समाचार लिखे जाने तक पीड़ित परिवार को प्रशासन, जनप्रतिनिधियों या किसी समाजसेवी संस्था की ओर से तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, राहत सामग्री और आवासीय सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा सामान्य जीवन शुरू कर सकें।





