गोड्डा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में 29 जुलाई तक गणना चरण संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन लोगों को बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया है, वे उसे सही ढंग से भरकर जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ को जमा करें।
उपायुक्त ने बताया कि गणना चरण अपने अंतिम दौर में है। समय पर प्रपत्र जमा होने से बीएलओ निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका डिजिटाइजेशन पूरा कर सकेंगे। इससे 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। प्रत्येक परिवार यह सुनिश्चित करे कि सभी पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र समय पर जमा हो जाएं, ताकि मतदाता सूची अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि यदि किसी मतदाता को अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है या उसे किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता है, तो वह संबंधित बीएलओ, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) अथवा जिला निर्वाचन शाखा से संपर्क कर सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर गणना प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।




