कटिहार: जिले के कदवा प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय देवगांव शिक्षा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के क्षेत्र में एक सकारात्मक उदाहरण बनकर उभर रहा है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं नियमित रूप से निर्धारित स्कूल ड्रेस में विद्यालय पहुंचते हैं तथा अनुशासित वातावरण में अध्ययन करते हैं। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बोबी देवी के नेतृत्व में विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को पूरी निष्ठा के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक कुल 240 छात्र-छात्राओं का नामांकन है। सभी शिक्षक समय पर उपस्थित होकर नियमित रूप से पठन-पाठन कराते हैं। विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका पूनम कुमारी, बहरून निशा, तपेश कुमार विश्वास, शिक्षा सेवक बालेश्वर राय एवं दर्शन राय बच्चों की शिक्षा और विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रधानाध्यापिका ने बताया कि विद्यालय में सभी बच्चों को पाठ्यपुस्तक, स्कूल बैग, पानी की बोतल और एफएलएन किट वितरित की जा चुकी है। प्रत्येक कार्य दिवस पर प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। बच्चों को टीएलएम (Teaching Learning Material) के माध्यम से आनंददायक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा दी जाती है।
विद्यालय परिसर में छह कमरे, दो शौचालय (जिनमें एक जर्जर अवस्था में है) तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध है। सभी कक्षाओं के ब्लैकबोर्ड का नवीनीकरण किया गया है और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है। चेतना सत्र के दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा, भूकंप, आपदा प्रबंधन, बीमारियों, लू एवं ठंड से बचाव जैसे विषयों पर भी जागरूक किया जाता है।
प्रधानाध्यापिका बोबी देवी ने कहा कि उनका लक्ष्य विद्यालय का सर्वांगीण विकास करना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अभिभावकों के सहयोग से विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ी है तथा अब लगभग सभी छात्र-छात्राएं नियमित रूप से स्कूल ड्रेस पहनकर विद्यालय आते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।




