पाकुड़। सदर प्रखंड के पृथ्वीनगर पंचायत अंतर्गत पृथ्वीनगर गांव में बीते शनिवार बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के पांच मकानों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया। इस विनाशकारी अग्निकांड में परिवार का समस्त घरेलू सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज तथा दैनिक उपयोग की सभी वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गईं। देखते ही देखते वर्षों की मेहनत से जुटाई गई पूरी गृहस्थी राख में तब्दील हो गई, जिससे प्रभावित परिवार गहरे संकट में आ गया।
घटना के बाद शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष बिलाल शेख के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पृथ्वीनगर गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता, राशन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि आपदा और संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला छोड़ना मानवता के विरुद्ध है। कांग्रेस परिवार हमेशा समाज के दुख-दर्द में सहभागी रहा है और आगे भी हर जरूरतमंद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी प्रभावित परिवारों को इस कठिन संकट से उबरने की शक्ति, साहस और धैर्य प्रदान करें तथा वे जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष जलालुद्दीन शेख, नसीम आलम, रियाज शेख, जवान शेख, नूर इस्लाम, वहीदुर रहमान, अनुकूल शेख, सेंडू शेख, समैल शेख, सलमान शेख, जमाल शेख, जियाउल शेख (उर्फ चिमू) और हबीबुर रहमान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




