भागलपुर: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा, भागलपुर इकाई की ओर से मारवाड़ी कॉलेज में “आरोहण–छात्र प्रतिभा समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना, गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान करना और युवाओं में सामाजिक एवं शैक्षणिक मूल्यों को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय झा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुमन प्रसून, युवा नगर अध्यक्ष राजेश कुमार राजा, विश्वविद्यालय कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश झा, छात्र जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा, एस.एम. कॉलेज अध्यक्ष निधि प्रकाश तथा मारवाड़ी कॉलेज अध्यक्ष हृषिकेश प्रकाश द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और कुलगीत के सामूहिक गायन के साथ किया गया। इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला अध्यक्ष सुमन प्रसून ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हृषिकेश प्रकाश ने की, जबकि मंच संचालन निधि प्रकाश ने किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।
अपने संबोधन में मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय झा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है, जो गुरु और शिष्य के पवित्र संबंध को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि “आरोहण–छात्र प्रतिभा समारोह 2026” जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, गणमान्य अतिथि, सामाजिक कार्यकर्ता और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय कार्यकारी अध्यक्ष गिरीश झा, छात्र जिला अध्यक्ष सत्यम मिश्रा, मारवाड़ी कॉलेज अध्यक्ष हृषिकेश प्रकाश, एस.एम. कॉलेज अध्यक्ष निधि प्रकाश, अंकिता कुमारी, टी.एन.बी. कॉलेज अध्यक्ष राज, उपाध्यक्ष बिट्टू, महासचिव रमन राठौर, शुभम कुमार, आर्यन, प्रिंस कुमार और अंकित सहित कई कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के समापन पर छात्र राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी युवाओं के व्यक्तित्व विकास, गुरुजनों के प्रति सम्मान और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।





