कटिहार: भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, कटिहार शाखा की ओर से मध्य विद्यालय बीएमपी में निःशुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. रंजना झा, सचिव संतोष गुप्ता और विद्यालय की प्रधानाचार्या आराधना कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन के दौरान डॉ. रंजना झा ने कहा कि बदलती जीवनशैली, फास्ट फूड और दांतों की उचित देखभाल के अभाव में बच्चों में दंत रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे शिविरों का उद्देश्य बच्चों को समय रहते जांच और जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
रेडक्रॉस सचिव संतोष गुप्ता ने बताया कि फर्स्ट स्माइल डेंटल क्लिनिक के दंत सर्जन डॉ. चंदन कुमार ने शिविर में लगभग 180 बच्चों के दांतों की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं।
डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि फास्ट फूड, चॉकलेट का अधिक सेवन और नियमित सफाई नहीं करने से बच्चों में पायरिया और दांतों में कीड़े की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ दांत ही स्वस्थ शरीर की नींव हैं। जांच के दौरान कई बच्चों में दूषित पानी के कारण फ्लोरोसिस और दांतों में कीड़े की समस्या पाई गई, जिसके लिए उन्हें आवश्यक दवा और बचाव संबंधी सलाह दी गई।
इस अवसर पर रेडक्रॉस के पूर्व चेयरमैन अनिल चमरिया, सह सचिव विवान सरकार, प्रबंध समिति सदस्य पुरुषोत्तम मोदी, देवराज शर्मा, मनोज गुप्ता और बबन झा उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या आराधना कुमारी एवं शिक्षकों ने रेडक्रॉस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने बताया कि जल्द ही जिले के अन्य विद्यालयों में भी स्वास्थ्य एवं दंत जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।





