मेहरमा। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को जहेरथान, मांझीथान संवर्धन समिति के तत्वावधान में मेहरमा चौक से भव्य आदिवासी रैली निकाली गई। समिति के अध्यक्ष अमीन मुर्मू एवं सचिव महेंद्र उरांव के नेतृत्व में निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए। रैली में शामिल लोगों ने पारंपरिक नारों के साथ आदिवासी एकता और अधिकारों का संदेश दिया।
रैली के दौरान “जल, जंगल, जमीन हमारा है”, “एक तीर, एक कमान, विश्व के आदिवासी एक समान”, “दिशोम गुरु अमर रहें”, “सिद्धू-कान्हू अमर रहें”, “कार्तिक उरांव अमर रहें” और “बिरसा मुंडा अमर रहें” जैसे नारे लगाए गए। रैली मेहरमा चौक से निकलकर पिरोजपुर स्थित सिद्धू-कान्हू चौक पहुंची।
सिद्धू-कान्हू चौक पर राम बाबा मंजू मरांडी के नेतृत्व में आदिवासी रीति-रिवाज और परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अमर शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह मौजूद रहे। उन्होंने सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर झामुमो प्रखंड सचिव ताला टुडू, जिला समिति सदस्य ईश्वर मरांडी, बिसू उरांव, रोहित उरांव, वीरेंद्र कुमार, श्याम उरांव, राज कुमार किंडो, जितेंद्र उरांव, अनिल उरांव, रविना देवी, चांदनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, गीता कुमारी, अन्नु टोप्पो सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।




