कुरसेला (कटिहार): सावन की सोमवारी के अवसर पर कुरसेला और समेली प्रखंड के विभिन्न शिवालय हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठे। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर शाम तक जारी रही। महिला-पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
भक्तों ने किया जलाभिषेक
प्रखंड क्षेत्र के बलथी महेशपुर स्थित शिव मंदिर, कुरसेला चौक शिव मंदिर, कुरसेला ब्लॉक परिसर स्थित शिव मंदिर और अयोध्या गंज बाजार के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्त फूल, बेलपत्र, धतूरा, भांग, नैवेद्य, गंगाजल और कच्चा दूध लेकर भगवान शिव की पूजा करने पहुंचे।
सभी शिवालयों में ‘ओम नमः शिवाय’, ‘हर हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर शरबत की भी व्यवस्था की गई थी।
त्रिमोहनी में गंगा स्नान के बाद किया जलाभिषेक
सावन सोमवारी को लेकर त्रिमोहनी संगम तट पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में स्नान किया और गंगाजल भरकर पैदल विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हुए। इसके बाद भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं का कहना था कि सावन की सोमवारी पर भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों की ओर पहुंचते रहे।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी प्रमुख शिवालयों और उनके आसपास सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निगरानी रखी गई।





