मेहरमा: कनौजिया तांती व जोलहा समाज के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष ब्रजकिशोर प्रसाद ने राज्य सरकार से कनौजिया तांती एवं जोलहा समाज को सरकारी गजट में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी गजट में समाज का नाम शामिल नहीं होने के कारण लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ब्रजकिशोर प्रसाद के अनुसार, जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की वजह से विद्यार्थियों को शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी गजट में नाम दर्ज नहीं होने से समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सहित अन्य सरकारी दस्तावेज बनवाने में प्रशासनिक परेशानियां हो रही हैं।
मंत्री को सौंपा ज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कनौजिया तांती व जोलहा समाज की ओर से झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को ज्ञापन सौंपकर समाज को राज्य सरकार के गजट में शामिल करने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि मंत्री की ओर से इस मांग पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया है।
जल्द समाधान की उम्मीद
ब्रजकिशोर प्रसाद ने उम्मीद जताई कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के माध्यम से समाज की इस मांग को जल्द पूरा कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी गजट में समाज का नाम शामिल होने से लोगों को जाति प्रमाण पत्र सहित शिक्षा और अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियों से राहत मिल सकेगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।




