पश्चिम बंगाल से ब्राउन शुगर लाकर बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में खपाने की थी तैयारी, स्कॉर्पियो और तीन मोबाइल जब्त
साहेबगंज: अंतर्राज्यीय स्तर पर चल रहे अवैध ब्राउन शुगर कारोबार के खिलाफ बड़हरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1003 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR11PB-0388) बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद ब्राउन शुगर की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है और इसे अब तक की बड़ी खेपों में से एक बताया जा रहा है।
बड़हरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने रांगा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त की तड़के करीब तीन बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांगा थाना क्षेत्र के कैशरो गांव के पास पश्चिम बंगाल के कलियाचक से आया एक व्यक्ति और बिहार से आए दो लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने रेकी के बाद सुबह करीब चार बजे केंद्रों गांव के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोका। वाहन में तीन लोग सवार थे।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की पुड़िया में पैक कुल 1003 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे पश्चिम बंगाल के कलियाचक से ब्राउन शुगर खरीदते थे और उसे बिहार समेत झारखंड तथा अन्य राज्यों में ऊंची कीमत पर बेचने का काम करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और ब्राउन शुगर की सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राज (22 वर्ष), सहरसा, बिहार; गुलशन कुमार (25 वर्ष), मधेपुरा, बिहार; और शिवम मिश्रा (21 वर्ष), सरोसा मठ, थाना कलियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C)/25/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
बाइट : नितिन खंडेलवाल, एसडीपीओ, बड़हरवा




