साहिबगंज। जिलेवासियों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। डीएमएफटी फंड के माध्यम से सदर अस्पताल में आधुनिक नेत्र जांच मशीन स्थापित की जाएगी। मशीन की स्थापना को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सतीश चंद्रा ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया और मशीन लगाने के लिए उपयुक्त स्थान का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने डीडीसी को अस्पताल परिसर में पूर्व में आरएसएल ब्लड जांच के लिए चिन्हित किए गए खाली कमरे को दिखाया। अधिकारियों ने मशीन की स्थापना के लिए कमरे की उपलब्धता, पर्याप्त स्थान और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
आधुनिक नेत्र जांच मशीन स्थापित होने के बाद जिले के मरीजों को नेत्र संबंधी जांच और उपचार के लिए दूसरे शहरों या बड़े अस्पतालों का रुख करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी। सदर अस्पताल में ही नेत्र रोग से संबंधित आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध होने से जिले के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने बताया कि अस्पताल में आधुनिक नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। विभाग का उद्देश्य जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
डीडीसी सतीश चंद्रा ने सदर अस्पताल पहुंचकर सुबह अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल के डीएस डॉ. देवेश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।





