कटिहार में कांग्रेस पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं की सद्भावना भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद तारिक अनवर ने की। सांसद के निर्देश एवं सुझाव पर बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 96 केंद्र प्रायोजित योजनाओं का संचालन हो रहा है। इन योजनाओं के अनुश्रवण एवं निगरानी के लिए सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति कार्यरत है। योजनाओं की प्रगति, चयन एवं गुणवत्ता की जमीनी वास्तविकता जानने के लिए जिला स्तर पर 25 सदस्यीय कटिहार संसदीय विकास समिति गठित करने का निर्णय लिया गया।
समिति के लिए तत्काल 20 सदस्यों को मनोनीत किया गया और सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव को इसका संयोजक नियुक्त किया गया। आवश्यकता के अनुसार समिति में पांच और सदस्यों को शामिल किया जाएगा। नवनियुक्त संयोजक को अगले 15 दिनों में इस समिति के तहत कटिहार संसदीय क्षेत्र के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए विधानसभा वार 21 सदस्यीय विकास समिति गठित कर सांसद से स्वीकृति लेने का निर्देश दिया गया।
सितंबर माह के अंत में सभी समितियों के सदस्यों के साथ विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी जाएगी और उनसे समय-समय पर योजनाओं से संबंधित फीडबैक देने का दायित्व भी सौंपा जाएगा। विधानसभा स्तरीय समितियां अपने-अपने क्षेत्र में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत आवश्यक कार्यक्रम शुरू कराने के लिए अनुशंसा देंगी, जिसे दिशा समिति की आगामी बैठकों में स्वीकृत कराया जा सकेगा।
सांसद तारिक अनवर ने केंद्र प्रायोजित योजनाओं के चयन और कार्यान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बिजली संकट पर भी होगी निगरानी
बैठक में बीके ठाकुर ने जिले में व्याप्त बिजली संकट एवं बिजली वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए अलग समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संसदीय क्षेत्र विकास समिति बिजली से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए भी अपना प्रतिवेदन सांसद के समक्ष प्रस्तुत करेगी। सांसद इस प्रतिवेदन को जिला विद्युत समिति की बैठक में रखकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सांसद सम्मान पुरस्कार
सांसद के सुझाव पर कटिहार जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले चयनित व्यक्तियों को प्रत्येक वर्ष सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम को ‘सांसद सम्मान पुरस्कार’ के नाम से जाना जाएगा।
हर वर्ष चयनित व्यक्तियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर एक भव्य समारोह में सांसद के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य जिले में खेलकूद, शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सरोकार, हस्तशिल्प, कृषि-बागवानी एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव को इस संबंध में आवश्यक रूपरेखा तैयार करने और सम्मानित किए जाने वाले संभावित व्यक्तियों की सूची प्रमुख साथियों के साथ मिलकर तैयार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सांसद तारिक अनवर के साथ सुनील कुमार यादव, दिलीप कुमार विश्वास, बीके ठाकुर, संजय सिंह, सुकुमार सिंह झा, शाहनवाज खान, सऊद आलम, बिमल सिंह बेगानी, पंकज कुमार तमाखुवाला, प्रो. विनोद यादव, राजेश रंजन मिश्रा, सिमरनजीत सिंह, संतोष यादव एवं डॉ. बिपिन सिंह उपस्थित रहे।




