नवगछिया। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के धरहरा पंचायत स्थित ठोकरवरी प्रांगण में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सह ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार मंडल उर्फ बुलो मंडल रहे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन मंत्री को सौंपे। मंत्री ने लोगों से आवेदन लेकर समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक और विभागीय मुद्दों को लेकर ऊर्जा मंत्री से सवाल भी किए गए। हाल के दिनों में विभागीय गड़बड़ी को लेकर उनके द्वारा दिए गए “प्राकृतिक आपदा” वाले बयान पर सांसद अजय मंडल ने सवाल उठाया था। अजय मंडल का कहना था कि जब न धरती डोली और न ही किसी तरह की प्राकृतिक आपदा आई, तो विभागीय गड़बड़ी वाले मामले में प्राकृतिक आपदा कैसे हो गई? इसी सवाल पर जब ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल से सवाल किया गया तो वह नाराज नजर आए। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, “क्या हथौड़ी से तोड़ दिया उसको?” मंत्री के इस जवाब के बाद उनका बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं विरोध में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा विधानसभा घेराव किए जाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “हमसे यह सवाल मत पूछिए।” राजनीतिक मुद्दों पर मंत्री के संक्षिप्त जवाब को लेकर भी चर्चा होती रही।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय के मुद्दे पर चर्चा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नारायणपुर में जवाहर नवोदय विद्यालय बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में भी एक केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हो। वहीं मंत्री ने शराब और सूखा नशा के कारोबार को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने शराब कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि शराब बेचना छोड़ दें, नहीं तो जेल भी जाना पड़ेगा। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को कानून का सामना करने की चेतावनी दी।
सम्मेलन में एक ओर जहां कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की, वहीं ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री ने प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कराने और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही।





