भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भागलपुर के नवगछिया स्थित राघोपुर में हो रहे कटाव का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा के बढ़ते जलस्तर और कटाव से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री भागलपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति, गंगा के जलस्तर, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ और कटाव से प्रभावित लोगों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को पूरी तत्परता के साथ चलाने तथा प्रभावित इलाकों में प्रशासन को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
हवाई सर्वेक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, आईजी विवेक कुमार, जिलाधिकारी अलंकृता पांडे और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन को पूरी मुस्तैदी के साथ राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए गए हैं।





