भागलपुर. जिले के राघोपुर गांव में गंगा नदी के कटाव को नियंत्रित करने और प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर बचाव और सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। प्रशासन की टीमें और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी मौके पर लगातार मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
कटाव की स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह और जिलाधिकारी भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडेय लगातार राघोपुर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। मौके पर चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
कटाव को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त संख्या में नावों और मालवाहक स्टीमर के माध्यम से बचाव एवं सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है। गंगा नदी से प्राप्त मिट्टी को जियो बैग में भरकर कटाव प्रभावित स्थलों पर डाला जा रहा है। इससे नदी के तट को मजबूती देने और कटाव की गति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। महत्वपूर्ण संरचनाओं और आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों को कटाव से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए बचाव कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों एवं मशीनरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।





