गोड्डा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने तथा उनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से नोटिस जारी करने, सुनवाई करने, दावा-आपत्तियों के निस्तारण और मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (इरो) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एरो) द्वारा प्राप्त दस्तावेजों की निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप जांच की जा रही है। सत्यापन के लिए जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, मैट्रिक अथवा अन्य मान्यता प्राप्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र तथा सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी का पहचान पत्र और पीपीओ सहित विभिन्न मान्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
इसके अलावा सरकारी या स्थानीय प्राधिकरण, बैंक, डाकघर, एलआईसी और पीएसयू द्वारा जारी प्रमाण-पत्र, परिवार रजिस्टर तथा सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन संबंधी प्रमाण-पत्र भी सत्यापन के लिए स्वीकार किए जा रहे हैं। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, आवश्यक सुधार करने और प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। एसआईआर के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी। इस दौरान संबंधित मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे या आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।





