पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कमेटी का विस्तार करते हुए भागलपुर के मोहम्मद शहादत हुसैन को राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया है। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के राजपुर निवासी मोहम्मद शहादत हुसैन को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भागलपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 12 निवासी राजद के वरिष्ठ नेता सरवर इमाम को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
राजद कार्यालय पटना में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अली अशरफ फातमी के निर्देश पर दोनों नेताओं का मनोनयन किया गया। मनोनयन पत्र राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव सह मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मोहिबुल हसन उर्फ हीरा और नाथनगर से राजद प्रत्याशी रहे शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन ने संयुक्त रूप से सौंपा।
अली अशरफ फातमी ने कहा कि राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की कमेटी का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में भागलपुर के युवा साथी को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा नेता पार्टी को और मजबूत करने तथा संगठन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वहीं, डॉ. मोहिबुल हसन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजद में हमेशा से युवाओं को प्रोत्साहित किया जाता रहा है।
राजद नेता जेड हसन ने कहा कि यह खुशी और हर्ष की बात है कि भागलपुर जिले से पहली बार किसी नेता को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने मोहम्मद शहादत हुसैन और सरवर इमाम को बधाई देते हुए कहा कि दोनों नेता पिछले कई वर्षों से राजद को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। इस मौके पर सौरभ यादव, शिशुपाल भारती, अरविंद यादव, भोपाली यादव, मयंक कुशवाहा, उमर ताज अंसारी, डॉ. संजय रजक, प्रो. निलेश कुमार, प्रो. चंदन कुमार, मेराज अख्तर, चांद मोहम्मद नवाज, निवर्तमान नगर अध्यक्ष मो. शहाबुद्दीन, मो. उस्मान, नियाज़ जफर समेत सैकड़ों राजद नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।




