घाटशिला: घाटशिला स्थित संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। प्रार्थना सभा में आयोजित समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनकी बाल लीलाओं और जीवन-दर्शन पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 9वीं की छात्रा श्रुति प्राधिया ने श्रीकृष्ण से संबंधित सुविचार प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 11वीं की मोनालिसा मांडी ने कृष्ण जन्मोत्सव और उससे जुड़ी मान्यताओं की जानकारी दी।
प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण के जन्म और गोपियों के साथ उनकी बाल लीलाओं को नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। इस दौरान बच्चे कान्हा और राधा की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। वहीं, विद्यालय के गायन दल ने कृष्ण भजन की सुंदर प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने हमेशा कर्तव्य को सर्वोपरि माना और कर्म करते रहने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से सत्य, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, कर्म और सकारात्मक सोच की सीख लेकर उसे अपने व्यवहार में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल उत्सव मनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही इस पर्व की वास्तविक सार्थकता है।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्रा मेंजल अग्रवाल ने किया। प्राइमरी विंग की शैक्षिक प्रभारी नेहा मजूमदार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में नेहा मजूमदार, सोमनाथ दे, प्रताप धल, सैकत राय, अमृता कौर, जेनिफर सिंह, फरजाना परवीन, लबोनी चटर्जी, इंद्र कुमार राय, विश्वजीत सीट, प्रकाश महतो एवं सायंतन राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




