गोड्डा: शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय आकाश इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स की ओर से आयोजित दो दिवसीय समारोह के पहले दिन शुक्रवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्थानीय विद्यापति भवन स्थित उगना मंडपम में पूर्व से चली आ रही परंपरा के अनुसार आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला कला-संस्कृति संयोजक सह विभिन्न खेल संघों के प्रमुख सुरजीत झा ने अपने संबोधन के साथ किया। उन्होंने कहा कि सामान्य ज्ञान ऐसा विषय है, जिसका कोई निश्चित सिलेबस नहीं होता। सभी विषयों की व्यापक जानकारी रखने वाले प्रतिभागी ही इस तरह की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में द ब्रिलियंट कोचिंग सेंटर की नेहा और रिया की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं दूसरे स्थान पर मेजबान आकाश इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स की अनीषा और रवि की जोड़ी रही। तीसरे स्थान पर इसी संस्थान की प्रीति और अमोली की जोड़ी ने जगह बनाई।
आकाश इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स के निदेशक आकाश कुमार के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए चार सदस्यीय निर्णायक मंडली का गठन किया गया था। इसमें आलोक प्रामाणिक, ब्रजेश कुमार मंडल, संतोष कुमार यादव और अभिषेक कुमार शामिल रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के शिक्षक निलेश कुमार, सौरभ कुमार, अमन कुमार, निम्मी कुमारी और शिया कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस क्विज प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी भावना को बढ़ावा देने के साथ कार्यक्रम को भी खास बनाया।




