पाकुड़: स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती एवं शिक्षकों द्वारा भारत के महान शिक्षाविद, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य, भाषण सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने संबोधन के माध्यम से शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक हैं।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और मेहनत को अपने जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




