गोड्डा: सदर प्रखंड अंतर्गत दलदली मौजा स्थित ग्रामीण क्षेत्र के संत मेही पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला खेल पदाधिकारी डॉ. प्राण महतो और विशिष्ट अतिथि जिला कला संस्कृति संयोजक सुरजीत झा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
विद्यालय के निदेशक प्रवीण कुमार महतो ने स्वागत संबोधन के साथ विद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी उपस्थित लोगों के साथ साझा की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने भी शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ शिक्षक दिवस समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।





