कटिहार। जिले में बाढ़ से उत्पन्न विषम परिस्थितियों का जमीनी आकलन करने के लिए रविवार को डीएम आशुतोष द्विवेदी ने वरीय प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और आपदा प्रबंधन विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया के तहत प्रभावित लोगों तक अविलंब राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।
कुरसेला प्रखंड अंतर्गत तीनघरिया पंचायत के मालगोदाम के समीप पहुंचकर डीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण भी कराया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और पशुओं के लिए चारे की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया। जरूरत पड़ने पर प्रभावित टोलों में सरकारी नावों का परिचालन और कम्युनिटी किचन शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को फील्ड में रहने का निर्देश
डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार कैंप करने तथा तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी इंतजाम समय पर किए जाएं।
दौरे के दौरान बरारी विधायक विजय सिंह, उप विकास आयुक्त नेहा कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन फिरोज अख्तर समेत संबंधित तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, स्थानीय बीडीओ और सीओ मौजूद रहे।





