गोड्डा। जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में 7 से 9 सितंबर तक चली तीन दिवसीय नेटबॉल चैंपियनशिप का बुधवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर से करीब 1500 पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 17वीं सीनियर और 9वीं सब-जूनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले काफी रोमांचक रहे। प्रतियोगिता में कुल 50 टीमों ने भाग लिया, जिसमें कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल रहे।
चैंपियनशिप के आयोजन में राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनालिसा और गुंजन झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मोनालिसा ने कहा कि गोड्डा के लिए यह बड़ी उपलब्धि है कि जिले को अब आवासीय प्रशिक्षण केंद्र की सुविधा मिली है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलने के साथ नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि गोड्डा के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और बड़ी संख्या में खिलाड़ी झारखंड टीम का हिस्सा बन रहे हैं।
प्रतियोगिता के समापन के बाद देर शाम खिलाड़ियों ने जमकर नृत्य किया और संगीत की धुन पर थिरकते हुए चैंपियनशिप की सफलता का जश्न मनाया। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र गांधी ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और गोड्डा में नेटबॉल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के खिलाड़ियों को हर वर्ष राज्य स्तरीय खेल प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जा रहा है।
पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष कल्पना देवी ने कहा कि मोनालिसा के नेतृत्व में जिले की खेल प्रतिभाओं को तराशने का काम सराहनीय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने से गोड्डा के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।




