भागलपुर। जिले के अकबरनगर नगर पंचायत में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण कुछ कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। मामला अकबरनगर नगर पंचायत के प्रशासनिक भवन निर्माण से जुड़ा है। करीब एक साल पहले प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए राशि आवंटित किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
इसी मामले को लेकर अकबरनगर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अंजीत कुमार ने बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नितीश मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें इस संबंध में पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने बताया कि प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक भवन निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
पत्र में कहा गया कि प्रशासनिक भवन का निर्माण नहीं होने के कारण नगर पंचायत के दैनिक कार्यों के संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्वीकृत राशि का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द भवन निर्माण कार्य शुरू कराया जाना आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान अंजीत कुमार ने कहा कि नगर विकास एवं आवास मंत्री की ओर से मामले में सकारात्मक आश्वासन मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि स्वीकृत होने के बावजूद उसका उपयोग नहीं होना भी चिंता का विषय है। प्रशासनिक भवन बनने से नगर पंचायत के कार्यों के संचालन में सुविधा होगी और आम लोगों को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।





