प्रवीण कुमार, कटिहार। जिले के प्राणपुर प्रखंड अंतर्गत धरहन पंचायत स्थित मध्य विद्यालय धरहन दिधौंच में छात्र-छात्राएं नियमित रूप से स्कूल ड्रेस में विद्यालय पहुंचते हैं और अनुशासन के साथ पठन-पाठन करते हैं। विद्यालय में योग्य शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिए जाने से बच्चों की पढ़ाई के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। प्रधानाध्यापक संजय कुमार भी विद्यालय के गुणात्मक विकास के साथ-साथ छात्र-छात्राओं की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कई कार्य कराए हैं। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था के लिए आरओ लगाया गया है। इसके अलावा मोटर युक्त पेयजल और रनिंग वाटर की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कमरे में बिजली, लाइट और पंखे की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रधानाध्यापक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर विद्यालय की विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग लेते हैं। विद्यालय में वर्ग एक से आठ तक की पढ़ाई होती है।
विद्यालय में वर्तमान में 576 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। सभी बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आते हैं और समय सारणी का पालन करते हुए पठन-पाठन में रुचि लेते हैं। विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यालय के सर्वांगीण विकास से लेकर पठन-पाठन को बेहतर बनाने में प्रधानाध्यापक को सहयोग कर रहे हैं। प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक कार्य पूरी निष्ठा के साथ किया जा रहा है और सभी शिक्षक समय पर उपस्थित होकर पठन-पाठन कराते हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षक-शिक्षिका राजमणि कुमारी, मोहम्मद खतीब आलम, मधुकर कुमार, प्रियंका कुमारी, सुनीता कुमारी, सुशील कुमार, वसीम अकरम, इंदु कुमारी, मो. हजरत अली अंसारी और नरेश कुमार पठन-पाठन में रुचि लेकर बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के बीच पाठ्य पुस्तक का वितरण किया गया है। वर्ग एक से आठ तक के बच्चों के बीच बैग एवं एफएलएन किट का भी वितरण किया गया है। विद्यालय में सभी वर्गों के ब्लैकबोर्ड का कालीकरण कराया गया है। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। हाउसकीपिंग के माध्यम से विद्यालय परिसर और शौचालय की नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है। बच्चों को टीएलएम किट के माध्यम से शिक्षा दी जाती है। विद्यालय के दो कमरों को आनंददायी कक्षा के रूप में विकसित किया गया है, जहां वर्ग एक और दो के बच्चे चित्रों को देखकर खेल-खेल में सीखते हैं।
छात्र-छात्राओं को प्रत्येक कार्य दिवस में मेनू के अनुसार प्रधानमंत्री पोषण योजना का लाभ दिया जाता है। प्रत्येक शनिवार चेतना सत्र में सुरक्षित शनिवार कैलेंडर के अनुसार बच्चों को विभिन्न खतरों, आपदा, बीमारी, ठंड से बचाव और लू से बचाव समेत अन्य विषयों की जानकारी गतिविधियों के माध्यम से दी जाती है।
प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने बताया कि विद्यालय में पठन-पाठन और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में चारदीवारी का निर्माण कराने के साथ-साथ चार कमरों की मरम्मत की भी आवश्यकता है। इन कार्यों के पूरा होने से विद्यालय की व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।





